Maharajganj News : डेढ़ साल बाद खुला विवाहिता की मौत का राज? आख़िरकार पति, सास और ससुर पहुंचे जेल

    21-Jul-2026
Total Views |

महराजगंज
। निचलौल थाना क्षेत्र के ग्राम कुआरीसती में विवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने दहेज हत्या के आरोप में पति, सास और ससुर को गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर तीनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, संतकबीरनगर जिले की रहने वाली कोली देवी के अनुसार, उनकी पुत्री राजवती की शादी वर्ष 2023 में कुआरीसती निवासी लवकुशेद्र से हुई थी। आरोप है शादी के बाद से पति, सास, ससुर और ननद अतिरिक्त दहेज में बाइक, सोने की चेन और 50 हजार रुपये की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करते थे।


शिकायत के मुताबिक, 31 जनवरी 2025 को ससुराल पक्ष ने राजवती की हत्या कर शव को फंदे से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया। स्थानीय स्तर पर कार्रवाई न होने पर मृतका की मां ने न्यायालय की शरण ली। इसके बाद न्यायालय के आदेश पर निचलौल पुलिस ने दहेज हत्या समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की।

थानाध्यक्ष अंकित कुमार सिंह ने बताया कि विवेचना के दौरान आरोपितों की तलाश की जा रही थी। सोमवार को पति लवकुशेद्र, ससुर गुलाब और सास प्रभावती को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अनुराग यादव, हेड कांस्टेबल मनोज सिंह, कांस्टेबल गुलाब चंद भारती तथा महिला कांस्टेबल गुड़िया शामिल रहीं।