Maharajganj News : सड़कों पर उतरी पुलिस, चप्पे-चप्पे पर चला चेकिंग अभियान
21-Jul-2026
Total Views |
महराजगंज, आपन महराजगंज। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से थाना कोल्हुई पुलिस ने मंगलवार को क्षेत्राधिकारी फरेंदा के नेतृत्व में कस्बा कोल्हुई में सघन वाहन चेकिंग और पैदल गश्त अभियान चलाया।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने मुख्य बाजार, बस स्टैंड, प्रमुख चौराहों, बैंक परिसरों तथा अन्य संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई और दोपहिया व चारपहिया वाहनों की गहन जांच कर आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया गया।
पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों को सख्त चेतावनी देते हुए नियमों का पालन करने की हिदायत दी। अभियान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया गया, जिससे क्षेत्र में लोगों ने खुद को अधिक सुरक्षित महसूस किया।
क्षेत्राधिकारी फरेंदा ने नागरिकों से अपील की कि यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत थाना कोल्हुई पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि जनपद में अपराध नियंत्रण, शांति व्यवस्था और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।