Maharajganj News : नौतनवा में चोरों का आतंक! घर से जेवर-नकदी के साथ चावल तक समेट ले गए बदमाश

    21-Jul-2026
Total Views |

फैयाज अहमद

महराजगंज। नौतनवा नगर के वार्ड संख्या-16 बहादुरशाह नगर (भुंडी डिहवा) में चोरों ने एक बार फिर बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात, नकदी और घरेलू सामान पर हाथ साफ कर दिया। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से इलाके के लोगों में भय का माहौल है, जबकि पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं।

पीड़िता कमलावती ने बताया कि वह करीब 10 दिन पहले घर बंद कर अपने दूसरे आवास पर गई थीं। सोमवार सुबह लौटने पर घर का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो अलमारी और सामान बिखरा पड़ा था। चोर घर में रखी करीब एक लाख रुपये की नकदी, दो सोने की चेन, पायल, पाजेब समेत अन्य कीमती सामान ले गए। इतना ही नहीं, घर की डेहरी में रखा चावल भी उठा ले गए।


पीड़िता के अनुसार, चोरी हुई नकदी उन्होंने कुछ दिन पहले ही बैंक से निकाली थी। उन्होंने कहा कि वह आर्थिक रूप से कमजोर हैं। उनके पति के साथ वह इसी घर में रहती थीं। उनके दो बेटों में से एक की मृत्यु हो चुकी है, जबकि दूसरा फरेंदा में रहता है। उन्होंने पुलिस से चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, निरीक्षण कर पीड़िता से पूछताछ कर जांच शुरू कर दी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इसी मोहल्ले में हाल के दिनों में दो अन्य चोरी की घटनाएं भी हो चुकी हैं, लेकिन अब तक किसी का खुलासा नहीं हो सका है। लोगों का आरोप है कि हर घटना के बाद पुलिस जांच तो करती है, लेकिन चोर पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। लगातार तीसरी चोरी की वारदात ने क्षेत्र के लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ा दी है।