Maharajganj News : शंखनाद के साथ शुरू हुई दुर्गा पूजा की तैयारियां, इस बार और भव्य होगा सिसवा का पंडाल
21-Jul-2026
Total Views |
रजाउल अंसारी
महराजगंज। श्री बाल दुर्गा पूजा सेवा समिति, दूरभाष केंद्र-रेलवे स्टेशन रोड, सिसवा बाजार की ओर से आयोजित होने वाले श्री दुर्गा पूजा महोत्सव-2026 की तैयारियों का शुभारंभ मंगलवार को विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच किया गया। भूमिपूजन के साथ भव्य एवं आकर्षक पूजा पंडाल के निर्माण कार्य की औपचारिक शुरुआत हुई।
समिति के अध्यक्ष गंगासागर जायसवाल तथा अन्य पदाधिकारियों की मौजूदगी में पूज्य पुरोहित पंडित सुशील उपाध्याय ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ बजरंगबली का ध्वज फहराया और भूमिपूजन संपन्न कराया। इसके बाद पंडाल निर्माण कार्य शुरू कराया गया।
इस अवसर पर समिति के पदाधिकारी लव-कुश विश्वास, उत्पल विश्वास, रोशन मद्धेशिया, धीरज तिवारी, संजय जायसवाल, मुकेश जायसवाल, गोपाल रौनियार, प्रभात सर्राफ, आशीर्वाद पटवा सहित पंडाल निर्माता राकेश प्रजापति, विश्राम एवं रामगति सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी दुर्गा पूजा महोत्सव को भव्य एवं आकर्षक स्वरूप प्रदान करने की तैयारी की जा रही है। साथ ही सामाजिक कुरीतियों एवं विभिन्न जनसमस्याओं के प्रति जागरूकता अभियान भी पूर्व वर्षों की तरह जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष का पंडाल एवं झांकियां पहले से अधिक भव्य, आकर्षक और संदेशपरक होंगी, ताकि उत्तर प्रदेश, बिहार, नेपाल सहित विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं की आस्था एवं अपेक्षाओं पर समिति पूरी तरह खरी उतर सके।