Maharajganj Politics : सपा सरकार बनी तो सिसवा को मिलेगा तहसील का दर्जा, सुशील टिबड़ेवाल का बड़ा ऐलान
21-Jul-2026
Total Views |
रजाउल अंसारी
सिसवा। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं सिसवा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी सुशील कुमार टिबड़ेवाल ने सोमवार को सिसवा नगर में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान क्षेत्र के विकास, जनहित के मुद्दों और लंबे समय से लंबित मांगों पर अपनी बात रखी।
उन्होंने कहा कि सिसवा को तहसील का दर्जा दिलाना क्षेत्र की वर्षों पुरानी और जनभावनाओं से जुड़ी मांग है। यदि वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो इस मांग को प्राथमिकता देते हुए सिसवा को तहसील का दर्जा दिलाने के लिए प्रभावी पहल की जाएगी। उनका कहना था कि इससे क्षेत्र के लोगों को राजस्व एवं प्रशासनिक कार्यों के लिए दूर-दराज के कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा और स्थानीय स्तर पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
सुशील टिबड़ेवाल ने निचलौल विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास पर भी जोर देते हुए कहा कि सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए नई योजनाएं लागू कर क्षेत्र के विकास को गति दी जाएगी।
पत्रकार वार्ता के दौरान सुशील टिबड़ेवाल ने सिसवा निवासी युवा वैज्ञानिक राहुल सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की आवश्यकता बताई। साथ ही राज्य सरकार से पीड़ित परिवार को ₹5 करोड़ की आर्थिक सहायता तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दिए जाने की मांग दोहराई।
अंत में उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा जनता के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देती रही है और भविष्य में भी क्षेत्र की समस्याओं को मजबूती से उठाकर उनके समाधान के लिए संघर्ष जारी रखेगी। इस दौरान पत्रकारों के साथ क्षेत्र की विभिन्न स्थानीय समस्याओं और उनके समाधान को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई!