Maharajganj News : सिसवा में इंजेक्शन लगाने के बाद 9 साल के बच्चे की मौत, अस्पताल छोड़ फरार हुआ स्टाफ!

    22-Jul-2026
Total Views |

महराजगंज। सिसवा नगर पालिका के विवेकानंद नगर वार्ड स्थित एक निजी नर्सिंग होम में इलाज के दौरान 9 वर्षीय बालक की मौत के बाद जमकर हंगामा हो गया। परिजनों का आरोप है कि बच्चे को इंजेक्शन लगाए जाने के कुछ ही मिनट बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई।

इस घटना के बाद नर्सिंग होम में अफरा-तफरी मच गई। आरोप है कि इंजेक्शन लगाने वाला स्टाफ नर्सिंग होम बंद कर मौके से फरार हो गया, जबकि गुस्साए परिजनों ने अस्पताल पर पथराव कर जमकर हंगामा किया।


घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित भीड़ ने नर्सिंग होम पर ईंट-पत्थर चलाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। सूचना मिलते ही सिसवा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने पूछताछ के लिए फरार बताए जा रहे स्टाफ के एक सदस्य को हिरासत में लिया। हालांकि बाद में आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे छोड़ दिया गया।

सिसवा चौकी प्रभारी दिव्यप्रकाश मौर्य ने बताया कि मामले में पीड़ित पक्ष की ओर से कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस बीच क्षेत्र में पूरे घटनाक्रम को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।