Maharajganj News : कोल्हुई थाने में अचानक पहुंचीं सीओ, रिकॉर्ड से लेकर बैरक तक खंगाला हर कोना

    22-Jul-2026
Total Views |

महराजगंज, आपन महराजगंज। 
कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से सीओ फरेंदा दीपशिखा वर्मा ने मंगलवार को थाना कोल्हुई का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान थाना कार्यालय, महिला हेल्प डेस्क, साइबर हेल्प डेस्क, मालखाना, हवालात, शस्त्रागार, बैरक, भोजनालय और थाना परिसर की साफ-सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओं की जांच की गयी।


इसके बाद क्षेत्राधिकारी ने लंबित विवेचनाओं, शिकायती प्रार्थना पत्रों और अपराध नियंत्रण से जुड़े मामलों की समीक्षा की। उन्होंने सभी विवेचनाओं का समयबद्ध, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा सीओ ने थाना प्रभारी को क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत बनाए रखने, प्रभावी गश्त करने और संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। जनशिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान करने पर भी जोर दिया गया।

उन्होंने महिला एवं साइबर अपराध से जुड़ी शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करने और थाना परिसर में आने वाले प्रत्येक फरियादी के साथ शालीन, संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार करने के निर्देश भी दिए।