Maharajganj Politics : अखिलेश की गिरफ्तारी पर उबल पड़े सपाई, महराजगंज में सड़क पर उतरे कार्यकर्ता

    22-Jul-2026
Total Views |

महराजगंज। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की गिरफ्तारी के विरोध में मंगलवार को नगर के सक्सेना चौराहे पर समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए गिरफ्तारी की कार्रवाई का विरोध जताया।

धरने को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष विद्यासागर ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार राजनीतिक द्वेष की भावना से कार्य कर रही है और विपक्ष के नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी तथा किसी भी प्रकार के दमन के आगे झुकेगी नहीं।


पूर्व मंत्री सुशील टिबडेवाल ने कहा जनता सरकार की नीतियों से परेशान है और विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करते हुए इस प्रकार की कार्रवाई से बचने की मांग की।

धरना-प्रदर्शन में दिलीप शुक्ला, बिन्द्रेस कनौजिया, पूर्व जिलाध्यक्ष राजेश यादव, प्रणय गौतम, सरवन पटेल, नौसाद आलम सहित समाजवादी पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।