Maharajganj News : ग्राम प्रधान से विधायक तक लगाई गुहार, फिर भी नहीं बदली सड़क की तस्वीर

    22-Jul-2026
Total Views |

महराजगंज।
फरेंदा तहसील क्षेत्र के ग्राम जलालगढ़ (पोस्ट-बरगदवां हरैया) में सड़क की जर्जर हालत ग्रामीणों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनी हुई है। बरसात शुरू होते ही सड़क पर जलभराव और कीचड की स्थिति बन जाती है, जिससे लोगों का पैदल निकलना तक दूभर हो जाता है।

इस बारे में आपन महराजगंज टीम से इस गाँव के स्थानीय निवासी पियूष ने संपर्क किया और हमे बताया कि हम लोग बरसात के समय में घर से बाहर बहुत जरूरी हो तभी निकल पाते हैं, इस फिसलन भरे रास्ते पर चलने में डर लगता है। दरअसल, यहाँ सड़क बनी ही नहीं है यह पूरी तरह कच्चा रास्ता है।


उन्होंने बताया कि इस सड़क के निर्माण को लेकर कई बार ग्राम प्रधान इन्दल यादव और स्थानीय विधायक वीरेन्द्र चौधरी से शिकायत की लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला है और कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस सड़क पर जगह-जगह पानी भर जाने और कीचड़ फैलने से स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दोपहिया वाहन भी फिसलने के डर से इस मार्ग से गुजरने से बचते हैं।

ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से जल्द से जल्द सड़क निर्माण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते सड़क नहीं बनी तो बरसात के पूरे मौसम में गांव के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।