Sports News : महराजगंज में बनेगा 14 करोड़ का इंटरनेशनल स्विमिंग पूल, अब नहीं जाना पड़ेगा गोरखपुर

    22-Jul-2026
Total Views |

महराजगंज। जिले के खेल प्रेमियों और युवाओं के लिए जल्द ही बड़ी सौगात मिलने वाली है। नगर पालिका परिषद ने नवयुग योजना के तहत धनेवा स्थित जिला स्टेडियम परिसर में करीब 14 करोड़ रुपये की लागत से अंतरराष्ट्रीय मानकों वाला स्विमिंग पूल और आधुनिक कैफेटेरिया विकसित करने की तैयारी शुरू कर दी है। फिलहाल परियोजना की विस्तृत कार्ययोजना (डीपीआर) तैयार की जा रही है, जिसे स्वीकृति के लिए शासन को भेजा जाएगा। मंजूरी मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।

प्रस्तावित परियोजना के तहत पूल 50 मीटर लंबा और 18 मीटर चौड़ा बनाया जाएगा। यह पूल अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित होगा, जिससे भविष्य में जिले में तैराकी प्रतियोगिताओं और प्रशिक्षण कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जा सकेगा। अभी तक जनपद में सार्वजनिक उपयोग के लिए कोई आधुनिक स्विमिंग पूल उपलब्ध नहीं है, जिसके कारण तैराकी सीखने या अभ्यास करने के इच्छुक लोगों को गोरखपुर अथवा अन्य जिलों का रुख करना पड़ता है।


परियोजना में छोटे बच्चों के लिए अलग किड्स स्विमिंग पूल भी बनाया जाएगा, ताकि अभिभावक सुरक्षित वातावरण में अपने बच्चों को तैराकी सिखा सकें। इसके अलावा पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग चेंजिंग रूम, स्नानगृह और अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। परिसर में आधुनिक कैफेटेरिया भी बनाया जाएगा, जिससे यह स्थान खेल और मनोरंजन का नया केंद्र बन सके। यहां आने वाले लोग तैराकी का आनंद लेने के साथ-साथ विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का स्वाद भी ले सकेंगे। इससे यह परिसर खेल और मनोरंजन का एक प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगा।

परियोजना के संचालन के लिए प्रशिक्षित तैराकी प्रशिक्षकों की भी नियुक्ति की जाएगी। प्रशिक्षकों की देखरेख में बच्चे, युवा और बड़े सभी सुरक्षित तरीके से तैराकी सीख सकेंगे। इससे जिले में तैराकी को खेल के रूप में भी बढ़ावा मिलेगा और भविष्य में स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण का अवसर मिल सकेगा।

प्रशासन का मानना है कि इससे जिले में तैराकी खेल को बढ़ावा मिलेगा, युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण मिलेगा और लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए भी प्रेरणा मिलेगी।