Maharajganj News : शरीर पर कई घाव... नाले में मिली लाश ने बढ़ाया रहस्य, पुलिस जांच तेज

    22-Jul-2026
Total Views |

महराजगंज। सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित बलिया नाला मंगलवार सुबह उस समय चर्चा का विषय बन गया, जब नाले में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह टहलने और गुजरने वाले लोगों ने नाले में शव देखा तो तुरंत नगर चौकी पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही नगर चौकी प्रभारी विजय गोंड पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नाले से बाहर निकलवाया।


पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए लेकिन काफी प्रयास के बाद भी मृतक की पहचान नहीं हो सकी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही पहचान कराने का प्रयास कर रही है।

प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर कई घाव के निशान मिले हैं। शव पर केवल हाफ लोअर पहना हुआ था, जिससे घटना को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।