Tv Star Injured in Jantar Mantar Protest : जंतर-मंतर प्रदर्शन में घायल हुआ यह टीवी स्टार ! पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
22-Jul-2026
Total Views |
नई दिल्ली। जंतर-मंतर पर छात्रों के समर्थन में आयोजित विरोध प्रदर्शन के दौरान टीवी अभिनेता सहबान अजीम के घायल होने का दावा सामने आया है। अभिनेता का कहना है कि प्रदर्शन के दौरान हुए पुलिस लाठीचार्ज में उन्हें कई जगह चोटें आईं और उनके हाथ में सूजन है।
दरअसल, 20 जुलाई को नई दिल्ली में 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस वालों ने छात्रों पर लाठीचार्ज किया था। इस दौरान कई प्रदर्शनकारी और छात्र घायल हुए हैं। एक साक्षात्कार में 'तुझसे है राब्ता' फेम सहबान अजीम ने बताया कि वह छात्रों के समर्थन में विरोध प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे थे। उनके साथ मुंबई से आईं दो महिला मित्र भी मौजूद थीं। अभिनेता के अनुसार, जब वह उन्हें लाठीचार्ज से बचाने की कोशिश कर रहे थे, तभी पुलिस ने उन पर भी लाठियां बरसाईं, जिससे उनके हाथ, पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं।
सेहबान ने दावा किया कि प्रदर्शनकारियों को जंतर-मंतर पर तय जगह तक पहुंचने से पहले ही पुलिस ने रोक दिया था। उन्होंने कहा, "हम जंतर-मंतर के अंदर तक भी नहीं पहुंच पाए, जहां असल में प्रदर्शन हो रहा था। पुलिस ने चारों तरफ बैरिकेड लगा दिए थे और हमें बीच में फंसाकर पीटना शुरू कर दिया। उन्हें इस बात की भी परवाह नहीं थी कि वे किसे पीट रहे हैं, चाहे छोटे बच्चे हों, महिलाएं हों या कोई और।"
अभिनेता ने यह भी आरोप लगाया कि लाठीचार्ज पूर्व नियोजित प्रतीत हो रहा था और इसका उद्देश्य प्रदर्शनकारियों को वहां से हटाना था। इस बीच, सोशल मीडिया पर विरोध प्रदर्शन के दौरान की उनकी एक तस्वीर भी वायरल हो रही है।
हालांकि, पुलिस की ओर से अभिनेता के आरोपों पर फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।