Maharajganj Politics : राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, गिरफ्तारी देकर जताया विरोध

    23-Jul-2026
Total Views |

महराजगंज। नई दिल्ली में छात्र आंदोलन के दौरान हुए लाठीचार्ज, आंसू गैस के इस्तेमाल और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने सक्सेना चौराहे पर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व जिलाध्यक्ष विजय सिंह एडवोकेट ने किया, जबकि संचालन जिला कोषाध्यक्ष कपिल देव शुक्ल ने किया।

धरने में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। प्रदर्शन के बाद जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में कार्यकर्ता गिरफ्तारी देने के लिए कोतवाली की ओर बढे लेकिन प्रशासन ने उन्हें रास्ते में ही रोक लिया। मौके पर मौजूद उपजिलाधिकारी ने सभी प्रदर्शनकारियों की गिरफ्तारी की औपचारिक घोषणा की और बाद में रिहा कर दिया।


धरने को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष विजय सिंह एडवोकेट ने केंद्र सरकार पर लोकतांत्रिक अधिकारों के दमन का आरोप लगाया। प्रदेश उपाध्यक्ष आलोक प्रसाद ने कहा कि देश का युवा अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहा है और कांग्रेस उसके साथ खड़ी है। पूर्व प्रदेश महासचिव त्रिभुवन नारायण मिश्रा और पूर्व जिलाध्यक्ष झिनकू चौधरी ने भी छात्रों के आंदोलन का समर्थन करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने वालों पर कार्रवाई उचित नहीं है।

पूर्व विधानसभा प्रत्याशी सदामोहन उपाध्याय ने शिक्षा व्यवस्था और छात्रों से जुड़े मुद्दों पर केंद्र सरकार को घेरते हुए शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की। इस अवसर पर राजन शुक्ला, पूर्णमासी यादव, इंजीनियर शिवपूजन, गोविंद मिश्रा, अंबरीश शाही, हनुमान कनौजिया, कुंज बिहारी निषाद, मोहम्मद गनी, राम नारायण प्रसाद, चंदन तिवारी, जयप्रकाश शाही, अफजल अब्बासी, नूर आलम, डॉ. अकील अहमद, प्रमोद पांडेय, डॉ. घनश्याम मिश्रा, अमरमणि पासवान, गोलू मिश्रा, महताब आलम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।