Maharajganj News : हादसे का इंतजार क्यों? टूटे बिजली के खंभे को बदलने की उठी मांग
23-Jul-2026
Total Views |
रजाउल अंसारी
सिसवा बाजार। नगर पालिका परिषद सिसवा के वार्ड संख्या-03 स्थित सिसवा बुजुर्ग नगर में जर्जर हो चुके विद्युत खंभे को लेकर स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है। इन जर्जर एवं क्षतिग्रस्त विद्युत खंभे को बदलने की मांग को लेकर समाजसेवी राजन विश्वकर्मा ने विद्युत विभाग को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि वार्ड में लगा विद्युत खंभा पिछले लगभग 10 दिनों से नीचे से बुरी तरह क्षतिग्रस्त (क्रैक) हो चुका है। खंभे की स्थिति अत्यंत जर्जर होने के कारण उसके कभी भी गिरने की आशंका बनी हुई है, जिससे स्थानीय निवासियों और राहगीरों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।
समाजसेवी राजन विश्वकर्मा ने विद्युत विभाग से मांग की कि जनहित एवं सार्वजनिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए क्षतिग्रस्त विद्युत खंभे को तत्काल हटाकर उसकी जगह नया एवं मजबूत खंभा लगाया जाए, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके।
इस दौरान वार्ड के निवासी अजय कुमार, बलराम कुशवाहा, संदीप कुशवाहा, उदित राज गुप्ता, दिलीप, पिंटू, रामा सहित अन्य स्थानीय लोग भी उपस्थित रहे।