JP Nadda On Dharmendra Pradhan Resignation : पेपर लीक पर सरकार का बड़ा बयान, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर नड्डा ने तोड़ी चुप्पी

Total Views |

नई दिल्ली।
पेपर लीक विवाद और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग के बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने सरकार का रुख स्पष्ट किया है। उन्होंने कहा कि सरकार संसद में इस मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन शिक्षा मंत्री के इस्तीफे को लेकर किसी तरह की कोई चर्चा नहीं चल रही है।

बुधवार रात आयोजित प्रेस वार्ता में जब नड्डा से पूछा गया कि क्या सरकार धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर विचार कर रही है, तो उन्होंने कहा, "ऐसी कोई बात नहीं है। संसद में चर्चा होगी, विपक्ष अपनी बात रखेगा और सरकार हर सवाल का जवाब देगी।"

नड्डा ने विपक्षी दलों द्वारा शासित राज्यों में पेपर लीक की विभिन्न घटनाओं का जिक्र किया और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह इस संबंध में 'सेलेक्टिव' रूख अपना रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को कांग्रेस या उसके सहयोगियों द्वारा शासित राज्यों में होने वाले ऐसे मामलों को भी उठाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि छात्रों के मुद्दे पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। सरकार चाहती है कि सभी दल मिलकर परीक्षा प्रणाली को और पारदर्शी बनाने के लिए स्थायी समाधान तलाशें।


प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि छात्रों के प्रदर्शन का राजनीतिकरण नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार पेपर लीक मुद्दे पर संसद में विस्तार से चर्चा के लिए तैयार है और विपक्ष चर्चा के लिए अवधि तय करे।

नड्डा ने कहा कि पेपर लीक का मामला जांच के दायरे में है और सरकार संसद में हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार है। उन्होंने विपक्ष से भी सकारात्मक चर्चा में भाग लेने की अपील की।

सोनम वांगचुक के पत्र पर भी बोले
जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक द्वारा लिखे गए खुले पत्र पर प्रतिक्रिया देते हुए नड्डा ने कहा कि केंद्र सरकार उनके पत्र का जवाब देगी। वांगचुक ने अपनी मांगों पर स्पष्ट आश्वासन मिलने पर अनिश्चितकालीन अनशन समाप्त करने की बात कही है।


शिवानी श्रीवास्तव

शिवानी श्रीवास्तव (Shivani Srivastava) 'आपन महराजगंज' में सहायक संपादक (Assistant Editor) के पद पर कार्यरत हैं। यह संपादकीय कार्यों, समाचारों के संपादन और पोर्टल की कंटेंट टीम में अपनी भूमिका निभाती हैं।