Maharajganj News : घर में आया मेहमान, जाते ही गायब मिले रुपये और जेवर, पुलिस जांच में जुटी

    23-Jul-2026
Total Views |

निचलौल।
नगर पंचायत निचलौल के कोर्ट वार्ड में घर आए एक परिचित पर नकदी और सोने के जेवर चोरी करने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

कोर्ट वार्ड निवासी अर्पित कश्यप ने पुलिस को दिए तहरीर में बताया कि 29 मई को महाशय मोहल्ला निवासी एक परिचित उनके घर आया था। शिकायतकर्ता के अनुसार उक्त युवक का दवा-इलाज के सिलसिले में उनके घर अक्सर आना-जाना रहता था।

अर्पित का आरोप है कि युवक के जाने के बाद उनकी बड़ी बहन अर्पिता गुप्ता ने अपना बैग देखा तो उसमें रखे 32 हजार रुपये नकद, एक सोने का मंगलसूत्र और दो सोने की अंगूठियां गायब थीं। परिवार ने कई बार संबंधित युवक से संपर्क करने और उसे बुलाने का प्रयास किया, लेकिन वह मिलने नहीं आया।


अर्पित कश्यप ने तहरीर में संबंधित युवक पर चोरी का संदेह जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई और चोरी गए नकदी और जेवरात की बरामदगी की मांग की है।

थानाध्यक्ष अंकित सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। घटना करीब डेढ़ माह पुरानी बताई जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।