Maharajganj News : बस के अंदर हो रही बारिश! महराजगंज डिपो की आठ बसें यात्रियों के लिए बनीं मुसीबत
23-Jul-2026
Total Views |
महराजगंज। परिवहन निगम भले ही यात्रियों को सुरक्षित और आरामदायक सफर का दावा करता हो, लेकिन महराजगंज डिपो की कई बसों की हालत इन दावों की हकीकत बयां कर रही है। लगातार हो रही बारिश के बीच डिपो की आठ जर्जर बसों की छत से पानी टपकने के कारण यात्रियों को भीगते हुए सफर करना पड़ रहा है।
वित्तीय सत्र 2025-26 में डिपो इन बसों को बदलने की गुहार लगा चुका है लेकिन नए वित्तीय सत्र में अब तक इन्हें बदला नहीं जा सका है।
महराजगंज डिपो के पास कुल 76 बसों का जत्था है इनमें छह अनुबंधित बसें शामिल हैं। शेष 70 बसों में से अधिकतर बसें नई हैं लेकिन इनमें से आठ बसें पुरानी हैं। इन पुरानी बसों की छत में जगह-जगह छेद बन चुके हैं। बारिश का पानी छत से होकर सीट पर बैठे यात्रियों पर टपकता है। जिससे यात्रियों को सफर के दौरान भीगना पड़ता है। बस गनीमत इतनी है कि डिपो इन बसों को लंबी दूरी की जगह लोकल रूट पर ही संचालित कर रहा है।
सदर कोतवाली के निकट फलों की दुकान लगाने वाले अब्दुल्ला ने बताया कि वह चौक के रहने वाले हैं और हर रोज मुख्यालय से चौक आते-जाते हैं। इस रूट पर चलने वाली इकलौती रोडवेज बस पूरी तरह जर्जर है। इन दिनों बारिश हर रोज हो रही है। ऐसे में बस में यात्रा के दौरान बस की छत से पानी टपकने के दौरान यात्री भीगते हैं।
बरसात के दौरान बस की छत से लगातार पानी टपकने से यात्रियों को काफी परेशानी होती है। वहीं अंकित अग्रवाल ने बताया कि पनियरा रूट पर चलने वाली कई बसें भी जर्जर हैं। उनकी खिड़कियों से भी बारिश का पानी अंदर आ जाता है, जिससे सफर असुविधाजनक हो जाता है।