Maharajganj Politics : 'मटन भोज' के दावों से गरमाया भाजपा सम्मेलन, विधायक की सफाई भी चर्चा में
23-Jul-2026
Total Views |
महराजगंज। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशव्यापी अभियान के तहत बुधवार को शहर के बालाजी लॉन में सदर विधानसभा क्षेत्र का बूथ अध्यक्ष सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में संगठन को बूथ स्तर तक और मजबूत बनाने, आगामी कार्यक्रमों की रणनीति तय करने तथा सरकार की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने पर विस्तार से चर्चा हुई। हालांकि, कार्यक्रम समाप्त होने के बाद आयोजित सामूहिक भोज का मेन्यू पूरे आयोजन से अधिक चर्चा का विषय बन गया।
कार्यक्रम की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर तथा वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ हुई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व एमएलसी विनोद पाण्डेय रहे। उन्होंने बूथ अध्यक्षों को संगठन की सबसे मजबूत कड़ी बताते हुए प्रत्येक बूथ को सक्रिय करने का आह्वान किया।
सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया, जिलाध्यक्ष अशोक पांडेय उर्फ संजय पांडेय समेत वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने भी बूथों की मजबूती और सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया। सम्मेलन में बूथ अध्यक्ष, शक्ति केंद्र संयोजक, मंडल अध्यक्ष, नगर पंचायत अध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के समापन के बाद आयोजित सामूहिक भोज को लेकर अलग-अलग दावे सामने आए। कुछ कार्यकर्ताओं ने नाम न प्रकाशित करने की शर्त पर बताया कि भोज में मटन-चावल की विशेष व्यवस्था की गई थी। उनका दावा था कि इसके लिए बड़ी मात्रा में मटन तैयार कराया गया, जबकि शाकाहारी कार्यकर्ताओं के लिए अलग भोजन की भी व्यवस्था थी।
कुछ लोगों ने इस विशेष दावत को कार्यकर्ताओं के लिए "वीर भोज" की संज्ञा भी दी। इधर, इस संबंध में जब सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया से सवाल किया गया तो उन्होंने संक्षिप्त जवाब देते हुए कहा, "भोजन है, भोजन।" विधायक के इस बयान के बाद भोज के मेन्यू को लेकर चर्चाएं और तेज हो गईं। फिलहाल आयोजन से अधिक इसकी चर्चा राजनीतिक और सामाजिक हलकों में हो रही है।