Maharajganj News : दो बच्चों की मां ने प्रेमी के घर खाया जहर, वजह जानकर रह जाएंगे हैरान
23-Jul-2026
Total Views |
भिटौली। थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक मामला उस समय गंभीर हो गया, जब प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ी एक विवाहिता ने कथित तौर पर कीटनाशक पदार्थ निगल लिया। उसकी हालत बिगड़ने पर पुलिस की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल पहुंचाया गया, जहां से चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। मामले में महिला ने प्रेमी और उसके परिजनों के खिलाफ थाना भिटौली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
तहरीर के अनुसार, श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के निवासी एक महिला ने बताया कि वह शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं। करीब दो वर्ष पहले उसकी मुलाकात भिटौली थाना क्षेत्र के निवासी एक युवक से हुई थी। आरोप है कि युवक ने शादी करने, जीवनभर साथ निभाने और उसके बच्चों को अपनाने का भरोसा देकर उसे अपने प्रेमजाल में फंसाया। इस दौरान दोनों पति-पत्नी की तरह साथ रहे थे।
महिला का आरोप है कि पिछले 15 दिनों से युवक ने उससे दूरी बना लिया है और बातचीत बंद कर दिया। 16 जुलाई को जब विवाहिता युवक के घर पहुंची तो युवक के माता-पिता ने उसके साथ मारपीट, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया।
महिला का कहना है कि इस घटना के बाद वह अपने मायके और ससुराल दोनों जगह से उपेक्षित हो गई है और दो बच्चों के साथ दर-दर भटकने को मजबूर है। बुधवार सुबह विवाहिता फिर युवक के घर पहुंची और वहीं रहने की जिद करने लगी। आरोप है कि युवक के परिजनों द्वारा दोबारा अपमानित किए जाने के बाद उसने वहीं कीटनाशक पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया।
घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने विवाहिता को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल भिजवाया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे मेडिकल कॉलेज गोरखपुर भेज दिया। एसओ सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि मामले में तहरीर मिली है, जांच की जा रही है।