Maharajganj News : NBW वारंट पर परसा मलिक पुलिस का एक्शन, दो महिलाएं गिरफ्तार
23-Jul-2026
Total Views |
महराजगंज, आपन महराजगंज। जनपद में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत परसा मलिक पुलिस ने गैर-जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) के दो मामलों में कार्रवाई करते हुए दो महिला अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। दोनों को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी नौतनवा के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष विवेक कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने ग्राम न्यायालय नौतनवा द्वारा जारी गैर-जमानती वारंट का अनुपालन करते हुए बुधवार को कार्रवाई की।
पुलिस ने शीशमहल टोला परसहवा निवासी सरीफुन पत्नी नियामत तथा रेहरा निवासी शीला पत्नी मन्टू उर्फ राममिलन को उनके आवास से गिरफ्तार किया। दोनों के विरुद्ध वर्ष 2022 के एक मामले में भारतीय दंड संहिता की धारा 323 और 504 के तहत दर्ज मुकदमे में गैर-जमानती वारंट जारी था। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर दोनों को न्यायालय में पेश किया गया।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक रामजीत, उपनिरीक्षक अशोक कुमार, कांस्टेबल बृजेश यादव, कांस्टेबल नितीश कुमार तथा महिला कांस्टेबल रितु शामिल रहीं।