Maharajganj News : मगरमच्छ के जबड़ों में फंसा युवक, ग्रामीणों की समझदारी से यूँ बची जान

    24-Jul-2026   
Total Views |

महराजगंज। सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग के निचलौल वन क्षेत्र में गुरुवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नारायणी नदी में मछली पकड़ रहे एक युवक पर मगरमच्छ ने अचानक हमला कर दिया। युवक के शोर मचाने पर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद उसे मगरमच्छ के चंगुल से सुरक्षित बाहर निकाला।

घायल युवक को इलाज के लिए ग्रामीणों ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज चल रहा है। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। ग्राम गेड़हवा निवासी अख्तर अली पुत्र नसरूल्लाह नारायणी नदी के टेलफाल के कटहवा पुल के पास मछली पकड़ने गया था। इस दौरान नदी किनारे झाड़ियां में छिपे एक विशालकाय मगरमच्छ ने अचानक हमला कर उसका पैर पकड़ लिया।


युवक के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद से युवक को मगरमच्छ के चंगुल से छुड़ाकर सुरक्षित बाहर निकाला गया। हमले में युवक के पैर पर मगरमच्छ के दांतों के गहरे निशान बन गए हैं। घटना के बाद परिजन आनन-फानन में उसे निजी अस्पताल ले गए, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार युवक की हालत अब खतरे से बाहर है।

इस घटना के बाद नदी किनारे बसे गांवों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग नदी और आसपास के जलाशयों में मगरमच्छों की बढ़ती गतिविधियों को लेकर चिंता जता रहे हैं।

निचलौल रेंजर सुनील राव ने बताया कि इस मामले की जानकारी प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि लगातार बारिश के कारण मगरमच्छ और अन्य वन्यजीव नदी, नहर और तालाबों में अधिक सक्रिय हो गए हैं। लोगों से अपील की गई है कि वे अनावश्यक रूप से जलाशयों के किनारे न जाएं। साथ ही वन विभाग ग्रामीणों को जागरूक करने के लिए लगातार शिविर आयोजित कर रहा है।


आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।