Ramayana Trailer Update : 'रामायण' ट्रेलर पर ब्रेक, अब आज नहीं होगा रिलीज ! मेकर्स ने बताई चौंकाने वाली वजह

    24-Jul-2026
Total Views |

Ramayana Trailer Update :
रणबीर कपूर की बहुचर्चित फिल्म 'रामायण' का इंतजार कर रहे प्रशंसकों को बड़ा झटका लगा है। 24 जुलाई को रिलीज होने की चर्चा के बीच फिल्म का ट्रेलर अंतिम समय में टाल दिया गया है। इस फैसले की जानकारी फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दी। इस खबर ने एक तरफ फैंस को मायूस किया है, तो दूसरी तरफ फिल्म के हाई लेवल के क्रेज को और बढ़ा दिया है।


रामायण का ट्रेलर किसी तकनीकी खराबी या फिल्म में देरी की वजह से नहीं रुका है, बल्कि इसके पीछे एक बहुत बड़ी बिजनेस और रिलीज रणनीति है। नमित मल्होत्रा ने खुलासा किया कि 'रामायण' अब दुनिया के सबसे बड़े हॉलीवुड स्टूडियोज में से एक, सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट के साथ मिलकर ग्लोबल लेवल पर रिलीज होने जा रही है। नमित ने अपनी पोस्ट में लिखा कि उनका सपना भारत की इस महान गाथा को दुनिया के कोने-कोने तक पहुंचाना था । अब जब सोनी पिक्चर्स इस प्रोजेक्ट से जुड़ चुका है, तो ट्रेलर को भी ग्लोबल लेवल पर एक साथ, एक ही समय पर लॉन्च किया जाएगा ताकि दुनिया भर के दर्शकों पर इसका गहरा प्रभाव पड़े।

हालांकि, मेकर्स ने अभी ट्रेलर रिलीज की नई तारीख की घोषणा नहीं की है। ऐसे में फैंस को कुछ और समय इंतजार करना होगा, लेकिन इस फैसले ने फिल्म को लेकर उत्सुकता और भी बढ़ा दी है।