Gorakhpur News : दिनदहाड़े सरकारी ऑफिस में घुसकर अफसर पर हमला, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

    24-Jul-2026   
Total Views |

गोरखपुर। सिंचाई विभाग के कार्यालय में गुरुवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब निलंबित वरिष्ठ सहायक (लिपिक) दीपक पांडेय अपने साथियों के साथ कार्यालय पहुंचा और अधिशासी अभियंता विपिन बिहारी सिंह पर हमला कर दिया। आरोप है कि अधिशासी अभियंता को उसने कई थप्पड़ मारे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। हालांकि, आपन महराजगंज वीडियो के सत्याता की पुष्टि नहीं करता है।

अधिशासी अभियंता विपिन बिहारी सिंह की तहरीर के आधार पर कैंट थाने में निलंबित सहायक अभियंता ध्रुवजी सुमन, लिपिक दीपक पांडेय और चार अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

तहरीर के मुताबिक, गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे मुख्य अभियंता गंडक संगठन विकास कुमार सिंह सिंचाई खंड, गोरखपुर कार्यालय का निरीक्षण कर रहे थे। निरीक्षण के दौरान कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे। आरोप है कि तीन हमलावर हेलमेट पहने हुए थे। पूरी घटना कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है। चालक रामभजन यादव और अन्य कर्मचारियों के हस्तक्षेप से स्थिति नियंत्रित हुई।


सीओ कैंट, आभा सिंह ने इस बारे में जानकारी देते हुए कहा कि पुलिस ने तहरीर के आधार पर कैंट थाने में केस दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है, जल्द ही उनकी गिरफ्तारी कर ली जाएगी।

प्रकरण में आरोपी बनाए गए दीपक पांडेय व सहायक अभियंता ध्रुव ने पहले प्रार्थना पत्र दिया था। वहीं, मामले में आरोपी बनाए गए दीपक पांडेय और सहायक अभियंता ध्रुवजी सुमन का पक्ष भी सामने आया है। दीपक पांडेय की पत्नी पूजा पांडेय का कहना है कि उनके पति को गलत काम न करने पर साजिश के तहत निलंबित किया गया था और उन्हें गुजारा भत्ता भी नहीं दिया जा रहा था। उनका कहना है कि पति इसी सिलसिले में बातचीत करने के लिए गए थे और गाली देने पर विवाद हो गया। सहायक अभियंता ने एससीएसटी आयोग में प्रार्थना पत्र दिया है।

अधिशासी अभियंता का आरोप है कि निलंबन के बाद से ही दीपक पांडेय लगातार उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दे रहा था। उन्होंने बताया कि 22 जनवरी और 2 अप्रैल को भी धमकी दी गई थी, जिसकी लिखित शिकायत 15 अप्रैल को विभागीय अधिकारियों को दी गई थी, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं हुई।


आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।