Sonam Wangchuk Hunger Strike Ends : सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने 26 दिनों से जारी अपना अनशन गुरुवार देर रात समाप्त कर दिया। गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह की मौजूदगी में उन्होंने सरकार से लिखित आश्वासन मिलने के बाद अपना उपवास तोड़ा। सोनम वांगचुक कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के नेतृत्व वाले विरोध प्रदर्शन के समर्थन में 28 जून से अनशन पर थे।
बता दें कि सोनम वांगचुक ने गुरुवार आधी रात के बाद हरियाणा के गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में अपना अनशन तोड़ा। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह खुद अस्पताल गए, उन्होंने मनाया, तब जाकर सोनम वांगचुक ने अपना अनशन तोड़ा। इस दौरान उनकी पत्नी गीतांजलि भी उनके साथ थीं। अब सवाल है कि आखिर सोनम वांगचुक ने अपना अनशन क्यों तोड़ा? तो इसका जवाब भी उन्होंने खुद दे दिया है।
पहले अलग अलग राजनीतिक दलों के करीब 65 सांसद उनसे मिलने पहुंचे थे। इन सांसदों ने हस्ताक्षर कर के वांगचुक से अनशन खत्म करने की अपील की। साथ ही भरोसा दिलाया कि संसद में नीट पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली के मुद्दे पर चर्चा होगी। सरकार की तरफ से आए मंत्रियों ने भी यही आश्वासन दिया था।
वांगचुक ने बताया कि पिछले दो दिन से सरकार के साथ इस बात को लेकर सख्त बातचीत चल रही थी। उनकी मांग थी कि उन्हें आश्वासन लिखित रूप में चाहिए। इसी वजह से फैसला होने में दो दिन का समय और लगा और उन्हें दो दिन और भूख हड़ताल पर बैठना पड़ा। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ती तो वे और भी दिन बैठने को तैयार थे. आखिरकार आज सरकार ने लिखित आश्वासन दे दिया।
सोनम वांगचुक ने कहा कि वह उन शर्तों के बारे में एक अलग वीडियो में विस्तार से बताएंगे। उन्होंने कहा, ‘मैं बहुत जल्द एक अलग वीडियो में शर्तों के बारे में विस्तार से बताऊंगा। इस बीच मैं आप सभी से आग्रह करता हूं कि कहीं भी किसी भी तरह की हिंसा न होने दें और बहुत सतर्क रहें।’
गौरतलब है कि हाल के दिनों में सीजेपी से जुड़े विरोध-प्रदर्शनों के दौरान कई स्थानों पर तनाव की स्थिति बनी थी। कुछ जगहों पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प, लाठीचार्ज और पथराव की घटनाएं भी सामने आई थीं। हालांकि आंदोलन से जुड़े लोगों ने लगातार शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अपील की है।
शिवानी श्रीवास्तव (Shivani Srivastava) 'आपन महराजगंज' में सहायक संपादक (Assistant Editor) के पद पर कार्यरत हैं। यह संपादकीय कार्यों, समाचारों के संपादन और पोर्टल की कंटेंट टीम में अपनी भूमिका निभाती हैं।