परतावल। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के कतरारी चौकी अंतर्गत गोधवल गांव में बुधवार शाम वाहन चेकिंग अभियान के दौरान उस समय माहौल गरमा गया, जब कुछ ग्रामीणों ने गांव के भीतर की जा रही जांच पर आपत्ति जताई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि, आपन महराजगंज वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बुधवार शाम करीब पांच बजे कतरारी चौकी पुलिस गोधवल चौराहे से करीब 100 मीटर अंदर गांव की ओर जाने वाले मार्ग पर दोपहिया और चारपहिया वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान गांव के कुछ युवक मौके पर पहुंच गए और गांव के अंदर बार-बार वाहन चेकिंग किए जाने का विरोध करने लगे। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण भी वहां एकत्र हो गए और पुलिस से सवाल-जवाब करने लगे। दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस से कुछ देर तक मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस अक्सर गांव के भीतर ही वाहन जांच करती है, जिससे स्कूल जाने वाले छात्र, नौकरीपेशा लोग, किसान और अन्य ग्रामीणों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ता है। उनका कहना है कि यदि जांच करनी है तो मुख्य सड़क या चौराहे पर की जाए।
वहीं, कतरारी चौकी प्रभारी दीपक कुमार मिश्रा ने बताया कि वाहन चेकिंग विभागीय अधिकारियों के निर्देश पर नियमित अभियान के तहत की जा रही थी। कुछ लोगों ने बिना वजह विरोध करते हुए पुलिस की कार्रवाई में बाधा पहुंचाने का प्रयास किया।
प्रभारी निरीक्षक अक्षय कुमार सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो और पूरे घटनाक्रम की जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।