Maharajganj News : सड़क बनी मुसीबत तो सड़क पर उतरे छात्र ! जाम के बाद पुलिस से हुई नोकझोंक

    25-Jul-2026   
Total Views |

महराजगंज। निचलौल-ढेसो मार्ग पर वन देवी स्थान के पास शनिवार सुबह जर्जर सड़क के विरोध में विभिन्न विद्यालयों के छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। हाथों में तख्तियां लेकर पहुंचे छात्रों ने पांच किलोमीटर लंबी खराब सड़क के निर्माण की मांग को लेकर नारेबाजी की और सड़क पर लकड़ी रखकर मार्ग जाम कर दिया। इससे वाहनों, साइकिल सवारों और राहगीरों की लंबी कतार लग गई।

सड़क की बदहाल स्थिति से परेशान ग्रामीण भी छात्रों के समर्थन में प्रदर्शन में शामिल हो गए। आरोप है कि 2018 में सड़क निर्माण के बाद लोकनिर्माण विभाग ने इसकी मरम्मत नहीं कराई।

मार्ग पर गड्ढे बन गए हैं, जिससे राह चलना दुश्वार हो गया है। करीब एक घंटे तक मार्ग बाधित रहने के बाद थानाध्यक्ष अंकित कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस के समझाने पर छात्रों ने जाम समाप्त किया और यातायात सामान्य हो सका।


प्रदर्शन के दौरान कुछ छात्रों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उन्हें सड़क से हटाने के दौरान लाठीचार्ज करने और मुकदमा दर्ज करने की धमकी दी। छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने उनके मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिए, कुछ बाइकों की हवा निकाल दी और उठक-बैठक भी कराई।

थानाध्यक्ष अंकित कुमार सिंह ने बताया कि निचलौल-ढेसो मार्ग अत्यंत व्यस्त है, जहां सुबह के समय आवागमन अधिक रहता है। उन्होंने कहा कि कुछ युवकों ने स्कूली छात्रों को बहलाकर सड़क जाम कराया था।

सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जाम समाप्त कराया और यातायात बहाल कराया। उन्होंने बताया कि बच्चों के मोबाइल उनके अभिभावकों को बुलाकर समझाने के उद्देश्य से अपने पास रखे गए हैं।


आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।