महराजगंज। अमरुतिया और सक्सेना नगर वार्ड को जोड़ने वाले बलिया नाला पुल के निर्माण ने चार साल बाद फिर रफ्तार पकड़ ली है। करीब ₹40 लाख की लागत से बनने वाले इस पुल का निर्माण नगर पालिका परिषद द्वारा राज्य वित्त आयोग की धनराशि से कराया जा रहा है। लंबे समय से अधूरा पड़ा यह पुल अब दिसंबर 2026 तक पूरा होने की उम्मीद है।
जानकारी के अनुसार, पुल का निर्माण नवंबर 2021 में शुरू हुआ था और मई 2022 में इसे पूरा किया जाना था लेकिन धनराशि के अभाव में कार्य अधूरा छोड़ दिा गया। इसके कारण अमरुतिया, सक्सेना नगर सहित आसपास के वार्डों के हजारों लोगों को वर्षों तक आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। विशेष रूप से बरसात के दिनों में बलिया नाला पार करना लोगों के लिए बड़ी समस्या बन जाता है। अब दिसंबर 2026 में पुल का निर्माण पूरा किया जाना है।
अब बजट उपलब्ध होने के बाद निर्माण कार्य फिर से शुरू कर दिया गया है। पुल बनने के बाद करीब 10 हजार से अधिक की आबादी को सीधा लाभ मिलेगा। इससे लोगों का समय बचेगा, आवागमन आसान होगा और दोनों वार्डों के बीच संपर्क बेहतर हो जाएगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल बनने से स्कूली बच्चों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों तथा मरीजों को भी काफी सुविधा मिलेगी।
सक्सेना नगर के एक स्थानीय निवासी ने बताया कि यह पुल कई वर्षों से अधूरा पड़ा था, जिससे लोगों को रोजाना परेशानी उठानी पड़ती थी। अब निर्माण कार्य दोबारा शुरू होने की सूचना मिलने से लोगों में उम्मीद जगी है। उन्होंने कहा कि पुल बनने के बाद क्षेत्र के लोगों को आवागमन में काफी राहत मिलेगी और विकास को भी गति मिलेगी।
वहीं अमरुतिया वार्ड निवासी अंकित ने कहा कि पुल बनने से अमरुतिया, सक्सेना नगर सहित आसपास के अन्य वार्डों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। वर्षों से अधूरे पड़े इस पुल के निर्माण दोबारा शुरू होने से लोगों की उम्मीदें एक बार फिर जाग गई हैं।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।