महराजगंज। नेपाल भन्सार एजेंट संघ द्वारा भारतीय मूल के कस्टम एजेंटों के विरुद्ध जारी किए गए फरमान के विरोध में सोमवार को भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सोनौली सीमा पर तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई। भारतीय कस्टम एजेंटों ने सोनौली कस्टम बैरियर का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया, जिससे नेपाल की ओर जाने वाले मालवाहक ट्रकों का आवागमन ठप हो गया और सीमा पार आयात-निर्यात का कार्य बुरी तरह प्रभावित हुआ।
प्रदर्शन के दौरान भारतीय कस्टम एजेंटों ने नेपाल जाने वाले कई मालवाहक ट्रकों को सीमा पर ही रोक दिया, जबकि कुछ को वापस लौटा दिया गया। इसके चलते सीमा के दोनों ओर ट्रकों की लंबी कतारें लग गईं। इस स्थिति से व्यापारियों, परिवहन कारोबारियों और आयात-निर्यात से जुड़े लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रदर्शन कर रहे भारतीय कस्टम एजेंटों काआरोप है कि नेपाल भन्सार एजेंट संघ का निर्णय पूरी तरह भेदभावपूर्ण है और इससे वर्षों से सीमा पर कार्यरत भारतीय मूल के कस्टम एजेंटों की आजीविका पर सीधा संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि यह विवादित निर्णय वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
सीमा पर उत्पन्न हालात को देखते हुए प्रशासन और कस्टम विभाग के अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। अधिकारियों द्वारा दोनों पक्षों से वार्ता कर आवागमन सामान्य कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, इस विवाद को लेकर भारत और नेपाल के कस्टम अधिकारियों के बीच भी बातचीत जारी है। दोनों पक्ष समाधान निकालने का प्रयास कर रहे है।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।