महराजगंज। जिले में अपराध नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को हाईटेक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। यातायात निदेशालय, उत्तर प्रदेश की पहल पर महराजगंज के 15 प्रमुख एवं संवेदनशील स्थानों पर 68 अत्याधुनिक ANPR (ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकॉग्निशन) और PTZ (पैन-टिल्ट-जूम) कैमरे लगाए जा रहे हैं। इन कैमरों का संचालन सीधे पुलिस कंट्रोल रूम से किया जाएगा।
एएनपीआर कैमरे गुजरने वाले वाहनों की नंबर प्लेट को स्वतः पढ़कर उसका रिकॉर्ड तैयार करेंगे। इसके माध्यम से चोरी, लूट या अन्य आपराधिक घटनाओं में प्रयुक्त संदिग्ध वाहनों की पहचान और ट्रैकिंग आसानी से की जा सकेगी। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर भी प्रभावी निगरानी रखी जाएगी।
इसके अलावा पीटीजेड कैमरे 360 डिग्री तक घूमकर निगरानी करने में सक्षम होंगे। ये कैमरे दूर तक स्पष्ट दृश्य उपलब्ध कराएंगे और आवश्यकता पड़ने पर किसी भी गतिविधि पर फोकस कर सकेंगे। इनकी मदद से पुलिस को 24 घंटे रियल-टाइम निगरानी की सुविधा मिलेगी, जिससे किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई संभव होगी।
जनपद के जिन प्रमुख स्थानों पर कैमरे लगाए जा रहे हैं, उनमें कुंसेरवा चौराहा, ठूठीबारी थाना तिराहा, गांधी चौक नौतनवा, स्टेट तिराहा कोठीभार, आंबेडकर तिराहा फरेंदा, परतावल चौराहा, सुभाष चौक घुघली, महुअवा ढाला कोतवाली, उद्योग चौराहा, शिकारपुर तिराहा भिटौली, सोनाबाड़ी चौराहा बृजमनगंज, दुर्गा मंदिर चौराहा पनियरा, निचलौल तिराहा, समरधीरा चौराहा पुरन्दरपुर तथा झनझनपुर चौराहा सिंदुरिया शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि जिले में कुल 68 कैमरे लगाने का कार्य अंतिम चरण में है। अगस्त के अंत तक पूरी प्रणाली शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इस अत्याधुनिक निगरानी व्यवस्था से अपराधियों की गतिविधियों पर प्रभावी नजर रखने के साथ-साथ सड़क सुरक्षा और यातायात प्रबंधन भी पहले से अधिक मजबूत होगा।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।