महराजगंज। उमस भरी गर्मी के बीच अघोषित बिजली कटौती ने जिला मुख्यालय के लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। रविवार शाम छह बजे से सोमवार शाम छह बजे तक शहर में 50 से अधिक बार बिजली आपूर्ति बाधित रही। कभी 10-15 मिनट तो कभी आधे घंटे और एक घंटे तक बिजली गुल रहने से नगर पालिका परिषद के 25 वार्डों के हजारों उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
अब तक बिजली कटौती ग्रामीण क्षेत्रों तक ही सिमटी थी। लेकिन अब कटौती का असर जिला मुख्यालय पर भी साफ दिखाई दे रहा है। बीते 24 घंटे में इतनी बार बिजली हर आधे व एक घंटे पर काटी गई। पालिका परिषद के 25 वार्डों में भीषण गर्मी और उमस के बीच रविवार रात बार-बार बिजली गुल होती रही। कारण पता करने के लिए उपभोक्ताओं के फोन बजते रहे लेकिन जिम्मेदारों ने फोन उठाकर यह बताना तक गवारा नहीं समझा।
शास्त्रीनगर निवासी विनय गुप्ता ने बताया कि बिजली निगम के लोगों को पहले से कटौती की जानकारी सार्वजनिक करनी है लेकिन जिम्मेदार कोई सूचना ही जारी नहीं कर रहे हैं। कम से कम डिजिटल प्लेटफार्म पर तो बिजली कटौती की वजह बताना चाहिए, लेकिन यह भी नहीं किया जा रहा है। उनका आरोप है कि विभाग केवल अपनी उपलब्धियों का प्रचार करता है, लेकिन उपभोक्ताओं को जरूरी जानकारी नहीं देता।
गांधीनगर के निवासी सुरेश मिश्रा ने बताया कि रविवार से सोमवार कितनी बार बिजली कटी यह बताना मुश्किल है। अघोषित कटौती और बार-बार होने वाली ट्रिपिंग से हाल बेहाल है। साथ ही बार-बार की कटौती से घर में बिजली से चलने वाले उपकरण भी खराब हो रहे हैं।
चौपहिया के प्रदीप ने बताया कि पूरी रात बिजली बाधित रहने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हुई। समय पर बिजली न मिलने से पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है, जिससे लोगों की दैनिक जरूरतें पूरी करने में दिक्कतें आ रही हैं।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।