महराजगंज। जिले में लगातार बदल रहे मौसम का असर अब लोगों की सेहत पर साफ दिखाई देने लगा है। तेज धूप, उमस और बीच-बीच में मौसम में हो रहे बदलाव के कारण डिहाइड्रेशन, बुखार, वायरल संक्रमण, उल्टी-दस्त और कमजोरी के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। सोमवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में 1,454 मरीजों ने उपचार कराया।
जिला अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार इन दिनों डिहाइड्रेशन के प्रतिदिन 100 से अधिक मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं, जबकि बुखार से पीड़ित 120 से 140 मरीज इलाज के लिए ओपीडी में आ रहे हैं। एक सप्ताह पहले इन मरीजों की संख्या 60-70 और 90-100 थी। इसके अलावा कमजोरी, उल्टी, दस्त और वायरल संक्रमण से ग्रसित मरीजों की संख्या भी बढ़ी है। मौसम के उतार-चढ़ाव के चलते बच्चे, बुजुर्ग और पहले से बीमार लोग अधिक प्रभावित हो रहे हैं।
जिला अस्पताल के फिजिशियन डॉ. पवन कुमार ने बताया कि गर्मी और उमस के कारण शरीर में पानी की कमी तेजी से हो रही है। उन्होंने लोगों को सलाह दी कि धूप में निकलने से बचें और यदि बाहर जाना जरूरी हो तो शरीर को पूरी तरह ढककर निकलें। घर से निकलने से पहले पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं तथा दिनभर तरल पदार्थों का सेवन करते रहें।
उन्होंने खुले में बिकने वाले कटे हुए फल और अस्वच्छ खाद्य पदार्थों से बचने की भी सलाह दी। साथ ही हरी सब्जियों को अच्छी तरह धोकर, उबालकर या पकाकर ही खाने की अपील की, ताकि संक्रमण से बचा जा सके।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एके द्विवेदी ने बताया कि रविवार को ओपीडी बंद रहने के कारण सोमवार को मरीजों की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में अधिक रही। सोमवार को कुल 1,454 मरीजों ने जिला अस्पताल पहुंचकर उपचार कराया।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।