Maharajganj News : मां के सामने बुझ गई मासूम की जिंदगी! तेज रफ्तार बाइक ने 3 वर्षीय बच्ची को रौंदा, चालक फरार

    28-Jul-2026   
Total Views |

महराजगंज।
कोठीभार थाना क्षेत्र के कटहरी गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। चरगहाँ रोड पर सड़क पार करते समय तेज रफ्तार बाइक ने बच्ची को जोरदार टक्कर मार दी। इलाज के लिए उसे तत्काल सिसवा सीएचसी ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, बेलवा कैमी ग्रामसभा की रहने वाली रजवंता देवी अपनी तीन वर्षीय बेटी अंकिता को इलाज के लिए कटहरी लेकर आई थीं। मंगलवार सुबह करीब 11:30 बजे दोनों चरगहाँ रोड पार कर रही थीं। इसी दौरान सामने से आ रही एक बाइक ने अंकिता को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद बच्ची सड़क पर दूर जा गिरी, जबकि बाइक चालक मौके से फरार हो गया।


घटना के बाद परिजन घायल बच्ची को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सिसवा लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलते ही कोठीभार पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी अखिलेश वर्मा ने बताया कि फरार बाइक चालक की तलाश की जा रही है। परिजनों से तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


रजाउल अंसारी

रजाउल अंसारी (Rajaul Ansari) 'आपन महराजगंज' में संवाददाता (सिसवा, विधानसभा 317) के रूप में कार्यरत हैं। यह सिसवा क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और विकास कार्यों से जुड़ी रिपोर्टिंग कवर करते हैं।