गोरखपुर। जिले के खजनी कस्बे में एक मासूम बच्चे की हत्या से सनसनी फैल गई। सोमवार शाम घर के बाहर खेलने निकला बच्चा अचानक लापता हो गया। देर रात पुलिस ने पड़ोस में रहने वाले एक कंप्यूटर शिक्षक को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर घर के बेसमेंट से बच्चे का शव बरामद किया।
एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि वैभव सोमवार शाम स्कूल से घर लौटने के बाद साइकिल लेकर खेलने निकला था। करीब 30 मिनट बाद परिवार को सूचना मिली कि बच्चे की साइकिल लावारिस हालत में पड़ी है। परिवार के लोग भागते हुए पहुंचे। आसपास तलाश की तो थोड़ी दूरी पर बच्चे की एक चप्पल मिली। परिजनों ने रिश्तेदारों, दोस्तों और स्कूल में भी बच्चे की खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी।
पुलिस फॉरेंसिक, डॉग स्कवॉयड के साथ मौक पर पहुंची। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर बच्चा पड़ोस में रहने वाले कम्प्यूटर टीचर के साथ जाते दिखाई दिया। पूछताछ की गई तो उसने अपहरण के बाद हत्या की बात कबूल कर ली।
आरोपी की निशानदेही पर उसके घर के बेसमेंट से मासूम का शव बरामद कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
मुबारक अली (Mubarak Ali) 'आपन महराजगंज' में तहसील संवाददाता (फरेंदा) के रूप में कार्यरत हैं। यह फरेंदा तहसील क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और प्रशासनिक गतिविधियों को प्रमुखता से कवर करते हैं।