सोनौली। भारत-नेपाल सीमा पर संचालित भारतीय टैक्सी चालकों को नेपाल के भैरहवा भंसार (कस्टम) कार्यालय की कथित ऑनलाइन प्रणाली की गड़बड़ी के कारण परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गोरखपुर के एक टैक्सी चालक ने आरोप लगाया है कि नियमानुसार वाहन की एग्जिट प्रक्रिया पूरी करने के बावजूद उन पर ₹75 हजार की पेनाल्टी लगा दी गई।
गोरखपुर निवासी टैक्सी चालक वीरेंद्र यादव ने आरोप लगाया है कि नेपाल के भैरहवा भंसार (कस्टम) कार्यालय की ऑनलाइन प्रणाली में गड़बड़ी के कारण उन्हें 75 हजार की पेनाल्टी का सामना करना पड़ा। जबकि उन्होंने हर बार नियमानुसार वाहन की एग्जिट प्रक्रिया पूरी कराई थी। वीरेंद्र यादव ने बताया कि उनकी टैक्सी भारत-नेपाल के बीच संचालित होती है।
उन्होंने बताया कि मंगलवार को जब वह भंसार कार्यालय की खिड़की नंबर-2 और 3 पर पहुंचे तो अधिकारियों ने बताया कि ऑनलाइन सिस्टम में उनके वाहन की एग्जिट दर्ज नहीं है। इसी आधार पर उनके वाहन पर ₹75 हजार की पेनाल्टी दर्शाई जा रही है। उन्होंने कहा कि उन्होंने इस संबंध में उच्च अधिकारियों से भी शिकायत की लेकिन समाधान नहीं हुआ। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अधिकारियों ने उनके दस्तावेजों पर लगे एग्जिट स्टैंप को फर्जी बताते हुए उनकी बात मानने से इनकार कर दिया।
उनका आरोप है कि ऑनलाइन प्रणाली और रिकॉर्ड में गड़बड़ी का खामियाजा भारतीय वाहन चालकों और पर्यटकों को भुगतना पड़ रहा है। नेपाल प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर सिस्टम में सुधार करने तथा गलत तरीके से दिखाई जा रही पेनाल्टी को समाप्त करने की मांग की है। इस सम्बंध में भंसार चीफ हरिहर पौडेल ने बताया कि चालक आया था। समस्या के संबंध में उच्चाधिकारियों को जानकारी दी गई है।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।