Maharajganj News : बैंकों में अचानक पहुंची पुलिस, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

    29-Jul-2026   
Total Views |

महराजगंज। जनपदीय पुलिस ने मंगलवार को जिलेभर की विभिन्न बैंक शाखाओं और एटीएम बूथों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित बैंकों का निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों की गहन जांच की।

चेकिंग के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा बैंक परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों, अलार्म सिस्टम, गार्ड की तैनाती, प्रवेश एवं निकास द्वार तथा अन्य सुरक्षा प्रबंधों की गहनता से जांच की गई। बैंक में आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखी गई तथा एटीएम बूथों के आसपास भी सतर्कता बरती गई।


पुलिस अधिकारियों ने बैंक प्रबंधकों, कर्मचारियों और सुरक्षा गार्डों को निर्देश दिए कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दें। वहीं बैंक ग्राहकों को भी जागरूक करते हुए एटीएम कार्ड, पासबुक, ओटीपी और अन्य बैंकिंग जानकारी किसी अज्ञात व्यक्ति के साथ साझा न करने की सलाह दी गई।

अभियान के दौरान बैंक के बाहर खड़े संदिग्ध वाहनों की भी जांच की गई तथा आसपास के क्षेत्रों में गश्त कर लोगों को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। जनपद पुलिस द्वारा यह भी अपील की गई कि बैंक से बड़ी धनराशि निकालने या जमा करने के दौरान विशेष सावधानी बरतें तथा आवश्यकता होने पर पुलिस की सहायता प्राप्त करें।


मुबारक अली

मुबारक अली (Mubarak Ali) 'आपन महराजगंज' में तहसील संवाददाता (फरेंदा) के रूप में कार्यरत हैं। यह फरेंदा तहसील क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और प्रशासनिक गतिविधियों को प्रमुखता से कवर करते हैं।