Maharajganj News : पत्नी के इलाज को गया, पीछे से घर साफ... 7 दिन बाद चोर चढ़ा पुलिस के हत्थे

    29-Jul-2026   
Total Views |

महराजगंज। पुरन्दरपुर थाना पुलिस ने नकबजनी के एक मामले का खुलासा करते हुए 20 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया गैस सिलेंडर, चार सफेद धातु के मीना और चोरी का सामान बेचकर प्राप्त ₹3,210 नकद बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया।

पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में वांछित आरोपियों के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी फरेंदा के पर्यवेक्षण में थाना पुरन्दरपुर पुलिस ने कार्रवाई की। मुखबिर की सूचना पर 29 जुलाई की सुबह करीब छह बजे इंटरलॉकिंग सड़क, तिनकोनिया नर्सरी के पास से रामसरन (20 वर्ष), निवासी तिनकोनिया नर्सरी, थाना पुरन्दरपुर को गिरफ्तार किया गया।


पुलिस के अनुसार 22 जुलाई को ग्राम एकमा लक्ष्मीपुर निवासी संजय कुमार अपनी पत्नी के इलाज के लिए महराजगंज गए थे। इसी दौराः अज्ञात चोरों ने उनके घर की बाहरी दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश किया और बक्से का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवर, गैस सिलेंडर और नकदी चोरी कर ली थी। पीड़ित की तहरीर पर थाना पुरन्दरपुर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को पहचान कर उसे गिरफ्तार किया गया। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करते हुए आरोपी को न्यायालय भेज दिया।


इबरार अहमद

अबरार अहमद (Ibrar Ahmad) 'आपन महराजगंज' में जिला प्रभारी (District Incharge) के रूप में कार्यरत हैं। यह जिले के समाचार कवरेज, रिपोर्टिंग टीम के मार्गदर्शन और प्रमुख क्षेत्रीय मुद्दों को उठाने का कार्य करते हैं।