Maharajganj News : अब नहीं कराया पंजीकरण तो 1 अगस्त से लाइसेंस रद्द, कृषि विभाग की सख्त चेतावनी

    29-Jul-2026   
Total Views |

महराजगंज। जिले में साथी पोर्टल पर अनिवार्य पंजीकरण नहीं कराने वाले बीज विक्रेताओं के खिलाफ कृषि विभाग ने सख्त रुख अपना लिया है। विभाग ने 1,090 लाइसेंसधारी बीज विक्रेताओं को अंतिम चेतावनी जारी करते हुए 31 जुलाई तक पंजीकरण पूरा करने के निर्देश दिए हैं। तय समयसीमा तक प्रक्रिया पूरी नहीं करने पर 1 अगस्त से उनके बिक्री लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।

कृषि विभाग के अनुसार, किसान फसल उत्पादन में ठगे न जा सकें और उन्हें प्रमाणित बीज उपलब्ध हो इसके लिए शासन स्तर से साथी पोर्टल विकसित कराते हुए इस पर लाइसेंस धारी बीज विक्रेताओं का पंजीकरण अनिवार्य किया था। जनपद के 1,186 बीज विक्रेताओं का पंजीकरण एक जुलाई से शुरू हुआ था, लेकिन 28 जुलाई तक केवल 96 विक्रेताओं ने ही पंजीकरण कराया, जबकि 1,090 विक्रेता अब भी प्रक्रिया से बाहर हैं।

इस प्रगति पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए जिला कृषि अधिकारी शैलेंद्र प्रताप सिंह ने चेतावनी पत्र जारी कर 31 जुलाई तक पंजीकरण कराने अथवा लाइसेंस निलंबन को तैयार रहने का अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने समस्त ब्लॉक एडीओ कृषि को निर्देशित किया है कि शुक्रवार तक हर हाल में साथी पोर्टल पर बीज विक्रेताओं का पंजीकरण कराया जाए।


किसानों को प्रमाणित व गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने के साथ ही नकली और मिलावटी बीजों की बिक्री पर रोक के लिए शासन ने साथी पोर्टल कृषि महकमों के लिए विकसित कराया है। इसके माध्यम से बीज उत्पादन, प्रमाणीकरण और वितरण की पूरी प्रक्रिया डिजिटल और पारदर्शी करने की व्यवस्था की गई है। प्रत्येक प्रमाणित बीज पैकेट पर क्यूआर कोड अंकित होगा। इसमें बीज से संबंधित जानकारियाें का सत्यापन संभव रहेगा।

QR कोड से होगी बीज की पहचान
साथी पोर्टल के माध्यम से प्रमाणित बीजों की पूरी आपूर्ति प्रक्रिया डिजिटल और पारदर्शी बनाई जा रही है। कृषि विभाग के सूत्रों के मुताबिक पोर्टल पर पंजीकृत प्रत्येक प्रमाणित बीज पैकेट पर क्यूआर कोड अंकित होगा।

किसान मोबाइल से इसे स्कैन कर बीज की किस्म, उत्पादक संस्था, बैच संख्या, प्रमाणन, वैधता अवधि (एक्सपायरी) समेत अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों का सत्यापन कर सकेंगे। इससे असली और गुणवत्तापूर्ण बीज ही उपलब्ध होंगे व नकली और मिलावटी बीजों के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगेगा। गुणवत्तापूर्ण बीजों के उपयोग से फसलों की उत्पादकता बढ़ेगी और किसानों की आय में भी इजाफा होगा।


आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।