UP News : बैरिकेडिंग पर थमा रोजगार सेवकों का मार्च, सरकार को दी चेतावनी
03-Jul-2026
Total Views |
लखनऊ। उत्तर प्रदेश ग्राम रोजगार सेवक संघ के बैनर तले बुधवार को प्रदेशभर से आए ग्राम रोजगार सेवकों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर राजधानी में जोरदार प्रदर्शन किया। उत्तर प्रदेश ग्राम रोजगार सेवक संघ के बैनर तले प्रदेशभर से पहुंचे रोजगार हजरतगंज स्थित दारुलशफा के सामने प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
हालाँकि पुलिस ने पहले से की गयी बैरिकेडिंग के जरिये प्रदर्शनकारियों को रस्ते में ही रोक दिया। इस पर प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि मांगें जल्द पूरी नहीं हुईं तो इको गार्डन में अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू करेंगे। जरूरत पड़ने पर भूख हड़ताल और विधानसभा घेराव भी किया जाएगा।
संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष राम लखन तिवारी ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री द्वारा वर्ष 2021 में ग्राम रोजगार सेवकों के हित में की गई घोषणाएं अब तक लागू नहीं हुई हैं। कई बार शासन स्तर पर मांगें उठाने के बावजूद कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया, जिससे कर्मचारियों में असंतोष बढ़ता जा रहा है।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वर्तमान में उन्हें मात्र 7,788 रुपए प्रतिमाह मानदेय मिलता है। आरोप है कि पिछले डेढ़ से दो वर्षों से कई ग्राम रोजगार सेवकों को मानदेय का भुगतान भी नहीं हुआ है। आर्थिक संकट के चलते उनके सामने परिवार चलाना मुश्किल हो गया है। संघ का आरोप है कि आर्थिक तंगी और उपेक्षा के चलते कई ग्राम रोजगार सेवकों ने आत्महत्या तक कर ली, लेकिन उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए।
संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि प्रमुख सचिव स्तर की वार्ता में उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो इको गार्डन में अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू किया जाएगा, अगर आवश्यकता पड़ी तो भूख हड़ताल और विधानसभा का घेराव भी करेंगे।
राम लखन का कहना है कि हम लोगों ने हमेशा सरकार के हित में काम किया है। ग्रामीण क्षेत्रों में सरकार की योजनाओं को जान जनता तक पहुंचने में भूमिका निभाई है जहां भी आवश्यकता पड़ी है, अपना सत प्रतिशत योगदान दिया है। उसके बाद किस प्रकार से नजर अंदाज करना बेहद दुखद है।
बाराबंकी के सिरौलीगौसपुर सहित प्रदेश भर के रोजगार सेवक आज से लखनऊ में उत्तर प्रदेश ग्राम रोजगार सेवक (पंचायत मित्र) वेलफेयर एसोसिएशन के आह्वान पर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए हैं।