Maharajganj News : बहूभोज की तैयारी पूरी ! दुल्हन के इंतजार में सजा घर, लेकिन आ गई चौंकाने वाली खबर
03-Jul-2026
Total Views |
ठूठीबारी। ठूठीबारी कस्बे में एक शादी उस समय चिंता का विषय बन गई, जब विवाह के महज पांच दिन बाद नवविवाहिता अपने मायके से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। जिस दिन दूल्हा अपनी दुल्हन को विदा कराने पहुंचने वाला था, उसी दिन उसके लापता होने की सूचना मिलने से दोनों परिवारों में हड़कंप मच गया।
ठूठीबारी कस्बा निवासी एक युवक की शादी बड़े धूमधाम से 27 जून को बरगदवां थाना क्षेत्र के एक गांव में हुई थी। दूल्हा पांच दिन बाद दुल्हन को उसके मायके बरगदवां थाना क्षेत्र से लेने जाने वाला था। गुरुवार की सुबह दूल्हे पक्ष को जानकारी हुई की दुल्हन अपने मायके से रात में ही लापता हो गई है। लड़की के लापता होने की भनक लगते ही लड़की व लड़के पक्ष के लोगों के पैरों तले जमीन खिसक गई।
घटना की जानकारी मिलते ही दोनों पक्ष के परिजन दुल्हन की तलाश में लग गए। वहीं, दूल्हे के घर बहूभोज की तैयारियां अंतिम चरण में थीं और मेहमानों के लिए भोजन भी बन रहा था। अचानक मिली इस सूचना से पूरे परिवार की खुशियां चिंता में बदल गईं।
बरगदवां थाना प्रभारी धनंजय कुमार राय ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। पुलिस नवविवाहिता की तलाश और मामले की जांच में जुटी हुई है।