Maharajganj News : 22 वर्षीय ओंकार की संदिग्ध मौत से हड़कंप ! पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी नजर
03-Jul-2026
Total Views |
अरुण उपाध्याय
महराजगंज। लक्ष्मीपुर ब्लॉक के ललाइन पैसिया गांव में शराब की भट्ठी के सामने एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई और घटना को लेकर आक्रोश फैल गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, 22 वर्षीय ओंकार चौहान कुछ दिन पहले ही बाहर से काम कर अपने घर लौटा था। ओंकार की अचानक हुई मौत से परिजन और ग्रामीण स्तब्ध हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या का मामला हो सकता है।
ग्रामीणों का कहना है कि शव की स्थिति कई सवाल खड़े करती है। उनका दावा है कि मृतक के पैर जमीन से सटे हुए थे और गले में बंधा फंदा भी सामान्य तरीके से नहीं लगा था। इन्हीं परिस्थितियों के आधार पर स्थानीय लोग निष्पक्ष जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पूरे मामले का खुलासा करने की मांग कर रहे हैं।
घटना की सूचना पर पाकर मौके पर सीओ, चौकी इंचार्ज और पुरंदरपुर के थानाध्यक्ष पहुँच चुके हैं। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
फ़िलहाल घटना से गाँव में तनावपूर्ण माहौल बन गया है और लोग घटना की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।