Maharajganj News : घर में खोला कंपनी का ऑफिस, करोड़पति बनाने का वादा... फिर हुआ खेल

    03-Jul-2026
Total Views |

महराजगंज।
चौक थाना क्षेत्र में निवेश पर मोटा मुनाफा दिलाने का लालच देकर लाखों रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। सेखुई बाजार के दो और दिघवा गांव के एक व्यक्ति ने आरोप लगाया है कि एक स्थानीय व्यक्ति ने अपने घर से कंपनी का कार्यालय संचालित कर साझेदारी और अधिक लाभ का झांसा देकर उनसे करीब 13.50 लाख रुपये निवेश करा लिए।

जानकारी के अनुसार, पीड़ित राकेश निषाद पुत्र चंद्रिका निषाद, प्रमोद यादव पुत्र बसंत यादव तथा संतोष चौधरी पुत्र ब्रह्मा चौधरी ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि सेखुई गांव के एक व्यक्ति ने एक कंपनी के नाम पर अपने घर में कार्यालय संचालित किया। उसने लोगों को कंपनी में साझेदार बनाने तथा मोटा लाभ दिलाने का भरोसा दिलाया। विश्वास में आकर तीनों ने अलग-अलग समय पर किस्तों में करीब 13.5 लाख रुपये निवेश कर दिए।


शिकायतकर्ताओं का कहना है कि शुरुआत में उन्हें कुछ लाभ दिए गए और लगातार भरोसा दिलाया जाता रहा कि कंपनी का काम तेजी से बढ़ रहा है और जल्द ही निवेश का कई गुना लाभ मिलेगा। इसी विश्वास में उन्होंने अपनी वर्षों की जमा पूंजी कंपनी में लगा दी, लेकिन समय बीतने के साथ न तो कोई लाभ मिला और न ही कंपनी की गतिविधियां दिखाई दीं।

जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगनी शुरू की तो आरोपित लगातार बहाने बनाते रहे। पीड़ितों के अनुसार वर्ष 2022 से अब तक वे अपनी मेहनत की कमाई वापस पाने के लिए आरोपित के घर का चक्कर लगा रहे हैं। आरोप है कि पैसे लौटाने से मना कर रहा है।

थाना प्रभारी मनीष पटेल ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। शिकायत की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।