Maharajganj News : एक VIDEO हुआ वायरल ... और निलंबित हो गया लेखपाल

    03-Jul-2026
Total Views |

महराजगंज। लक्ष्मीपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत विशुनपुर कुर्थिया में तैनात एक लेखपाल पर किसान से कथित रूप से रिश्वत लेने का मामला सामने आने के बाद राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित लेखपाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है और जांच के आदेश दिए हैं।

आरोप है कि चकबंदी कार्य के दौरान तैनात लेखपाल अनिल पाण्डेय ने किसान जयप्रकाश पाण्डेय से भूमि की चक संख्या-151 को पूर्व स्थिति में बहाल करने के एवज में एक लाख रुपये की मांग की t थी। पीड़ित किसान का आरोप है कि उसने पहले 70 हजार रुपये और बाद में 30 हजार रुपये दिए, लेकिन इसके बावजूद उसका कार्य नहीं किया गया। किसान का यह भी कहना है कि बाद में उससे और धनराशि की मांग की गई।


इसी बीच लेखपाल के कथित रूप से रिश्वत लेते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इस वीडियो में एक बुजुर्ग किसान से रुपये लेते हुए एक व्यक्ति दिखाई दे रहा है। हालांकि, इस वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है और न ही आपन महराजगंज ऐसे किसी वीडियो की सत्यता की पुष्टि करता है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला चकबंदी अधिकारी नवीन गोयल ने लेखपाल अनिल पाण्डेय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। उन्होंने बताया कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच के लिए विभागीय टीम गठित कर दी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी पाए जाने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पीड़ित किसान ने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कर न्याय की मांग की है। इस घटना के बाद राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि किसानों से खुलेआम रिश्वत मांगी जाएगी तो आम जनता का सरकारी व्यवस्था पर विश्वास कमजोर होगा।

फिलहाल विभागीय जांच जारी है। अब यह देखना होगा कि जांच में आरोप सही साबित होते हैं या नहीं और क्या मामले में किसी अन्य अधिकारी की भूमिका भी सामने आती है।