Maharajganj News : गड्ढों में सड़क ही गुम हो गयी, ग्रामीण रोज झेल रहे परेशानी
03-Jul-2026
Total Views |
महराजगंज। मिठौरा विकासखंड के अंतर्गत सिंदुरिया-महराजगंज मुख्य मार्ग से रामपुर मीर गांव को जोड़ने वाला संपर्क मार्ग बदहाल स्थिति में है। कई स्थानों पर सड़क पूरी तरह टूट चुकी है, जबकि गिट्टियां उखड़ जाने से वाहन चालकों और पैदल राहगीरों का सफर जोखिम भरा हो गया है।
इस मार्ग से प्रतिदिन ग्रामीण बाजार, विद्यालय, अस्पताल तथा अन्य आवश्यक कार्यों के लिए आते-जाते हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि काफी लंबे समय से इस सड़क की मरम्मत नहीं कराई गयी है। जगह-जगह बने गड्ढे और उखड़ी गिट्टियां आये दिन हादसों का कारण बन रही हैं। सबसे अधिक परेशानी दोपहिया वाहन चालकों, बुजुर्गों और स्कूली बच्चों को होती है। बरसात के मौसम में हालात और भी बदतर हो जाते हैं, जिससे आवागमन लगभग दूभर हो जाता है।
इस संबंध में यहाँ के ग्राम प्रधान मंजेश कुमार ने जानकारी दी कि इस सड़क का निर्माण कई वर्ष पूर्व क्षेत्र पंचायत द्वारा कराया गया था। समय के साथ सड़क पूरी तरह ख़राब हो गई है और अब इसकी तुरंत मरम्मत कराई जनि चाहिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि बजट उपलब्ध होने पर सड़क की मरम्मत कराई जाएगी। ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराकर आवागमन को सुगम बनाने की मांग की है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।