Maharajganj News : एक झटके में थम गया ट्रैफिक, पहाड़ से गिरे मलबे ने रोकी रफ्तार
03-Jul-2026
Total Views |
सोनौली। नेपाल के चितवन जिले में मुगलिन–नारायणघाट सड़क खंड पर गुरुवार सुबह हुए सूखे भूस्खलन ने यातायात पूरी तरह ठप कर दिया। यह घटना इच्छाकामना ग्रामीण नगरपालिका-6 के पानीधारा क्षेत्र में गुरुवार सुबह करीब 11:40 बजे हुई, जहां पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा सड़क पर आ गिरा। भूस्खलन के बाद से मुगलिंग से नारायण घाट होकर काठमांडो जाने के लिए आवागमन ठप हो गया है। रास्ते में दोनों तरफ सैकड़ों वाहन फंस गए हैं।
भूस्खलन के चलते सड़क पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है, जिससे दोनों ओर सैकड़ों वाहन और उनमें सवार यात्री फंस गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही नेपाल प्रशासन, सड़क विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। जेसीबी और अन्य मशीनों की मदद से सड़क से मलबा हटाने का कार्य तेजी से शुरू कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि मार्ग को जल्द से जल्द बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।
डीएसपी रामेश्वर पौडेल ने बताया कि राहत बचाव कार्य जारी है। नेपाल ट्रैफिक पुलिस ने इस मार्ग से यात्रा करने वाले वाहन चालकों और यात्रियों से अपील की है कि सड़क पूरी तरह खुलने तक वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। साथ ही यात्रा पर निकलने से पहले संबंधित विभाग से सड़क की ताजा स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।