Maharajganj News : सिसवा को तहसील बनाने की जंग हुई और तेज, खून से लिखा गया पत्र
03-Jul-2026
Total Views |
रजाउल अंसारी
महराजगंज। सिसवा को तहसील बनाने की मांग को लेकर एक बार फिर आंदोलन की आवाज़ तेज हो गयी है। शुक्रवार को एमएलसी प्रतिनिधि राजन विश्वकर्मा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अपने खून से पत्र लिखकर सिसवा को जल्द तहसील घोषित करने की मांग दोहराई।
राजन विश्वकर्मा ने कहा कि सिसवा को तहसील बनाने की मांग कोई नयी नहीं है बल्कि महराजगंज जनपद के गठन के समय से ही क्षेत्र की जनता यह मांग उठती रही है। इस मुद्दे पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, तहसील बनाओ संघर्ष समिति, व्यापार मंडल सहित कई सामाजिक संगठनों द्वारा समय-समय पर आंदोलन भी किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2010 में प्रदेश सरकार ने तत्कालीन मंडलायुक्त से महराजगंज और कुशीनगर में नई तहसीलों के गठन को लेकर रिपोर्ट मांगी थी। रिपोर्ट में महराजगंज से सिसवा और कुशीनगर से खड्डा व कप्तानगंज को नयी तहसील बनाने की मांग की गयी थी। इसके बाद वर्ष 2012 में खड्डा और कप्तानगंज को तहसील का दर्जा मिल गया, लेकिन सभी मानकों पर खरा उतरने के बावजूद सिसवा अब तक तहसील नहीं बन सका।
राजन विश्वकर्मा का कहना है कि सिसवा क्षेत्र की बड़ी आबादी को आज भी तहसील संबंधी कार्यों के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है, जिससे लोगों को समय और आर्थिक दोनों तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि सिसवा के विकास और क्षेत्र की जनता के हितों के लिए उन्होंने अपने खून से पत्र लिखकर मुख्यमंत्री से भावनात्मक अपील की है। उनका कहना है कि यदि सरकार ने इस मांग पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो वह आत्मदाह जैसा कठोर कदम उठाने के लिए विवश हो सकते हैं।
उन्होंने कहा, "सिसवा के विकास के लिए मैं स्वयं को भी कुर्बान करने का संकल्प रखता हूं।" साथ ही मुख्यमंत्री से जनहित में सिसवा को जल्द तहसील घोषित करने की मांग की है।