महराजगंज। लंबे समय से चिकित्सकों की कमी से जूझ रहे महराजगंज के सरकारी अस्पतालों को आखिरकार बड़ी राहत मिल गई है। स्वास्थ्य विभाग ने जिले के 25 सरकारी अस्पतालों में 31 नए चिकित्सकों की तैनाती कर दी है। इससे मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिलने के साथ अस्पतालों में इलाज का दबाव भी कम होने की उम्मीद है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की माने तो अब इन अस्पतालों में इलाज के लिए उमड़ रही मरीजों की भीड़ को इलाज के लिए जूझना नहीं पड़ेगा। हालांकि सीएचसी लक्ष्मीपुर में फिलहाल सिजेरियन की सुविधा शुरू नहीं हो सकेगी, क्योंकि वहां विशेषज्ञ चिकित्सक की बजाय एमबीबीएस डॉक्टरों की नियुक्ति हुई है।
जनपद में लंबे समय से चिकित्सकों की कमी के कारण स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही थीं। जिले में स्वीकृत 168 चिकित्सकों के सापेक्ष अब तक केवल 76 चिकित्सक ही कार्यरत थे जबकि 90 पद रिक्त थे। नए 31 चिकित्सकों की तैनाती के बाद अब चिकित्सकों की संख्या बढ़कर 107 हो गई है और रिक्त पदों की संख्या घटकर 61 रह गई है।
संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के लिए तैनात किए गए 31 डॉक्टरों में 8 महिला भी शामिल हैं। पहले जनपद में 8 महिला डॉक्टर थीं लेकिन नई तैनाती के बाद महिला चिकित्सकों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है। जिसके कारण अब संस्थागत प्रसव को बढ़ावा मिलेगा।
नए चिकित्सकों की तैनाती सीएचसी लक्ष्मीपुर, ठूठीबारी, घुघली, चौक, सोहगीबरवा, सिसवा, रतनपुर, बृजमनगंज, धानी सहित कई सीएचसी तथा पनियरा, गांगी बाजार, कृतपिपरा, लक्ष्मीपुर एकडंगा, बागापार, हरिहरपुर, नौसागर, श्यामदेउरवा, बसंतपुर और फुलमनहां समेत विभिन्न पीएचसी में की गई है।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।