सिंदुरिया। क्षेत्र के सबसे व्यस्त पंचमुखी चौराहा सिंदुरिया पर दिशा-सूचक संकेतक (साइन बोर्ड) नहीं होने से राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पांच प्रमुख मार्गों को जोड़ने वाले इस चौराहे पर प्रतिदिन सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं, लेकिन अब तक यहां स्थायी दिशा-सूचक बोर्ड नहीं लगाया गया है।
स्थानीय व्यापारी एवं व्यापार मंडल सिंदुरिया इकाई के अध्यक्ष विद्याभूषण गुप्ता ने बताया कि इस चौराहे से कई गांवों और कस्बों के लिए मार्ग निकलते हैं। साथ ही प्रतिदिन बड़ी संख्या में मालवाहक वाहन भी यहां से गुजरते हैं। इसके बावजूद दिशा बताने वाले संकेतकों के अभाव में बाहरी वाहन चालक अक्सर भ्रमित हो जाते हैं।
रात के समय और बारिश के मौसम में परेशानी और अधिक बढ़ जाती है। कई बार वाहन चालक गलत मार्ग पर चले जाते हैं, जिसके कारण उन्हें लंबी दूरी तय कर वापस लौटना पड़ता है।
दवा व्यापारी रामप्रताप गुप्ता, तरुण गुप्ता, क्षेत्र के पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य फूलचंद यादव, बृजेश यादव, प्रथम सोनी, स्वर्णकार रूपेश वर्मा समेत अन्य लोगों का कहना है कि चौराहे पर स्पष्ट दिशा-सूचक संकेतक लगाए जाने से बाहरी लोगों को सुविधा मिलेगी तथा यातायात भी अधिक व्यवस्थित रहेगा। जनहित को देखते हुए चौराहे पर मानक के अनुरूप दिशा-सूचक संकेतक, रिफ्लेक्टर, जेब्रा क्रासिंग और अन्य आवश्यक यातायात संकेत लगाए जाएं।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।