
ठूठीबारी। अंतरराष्ट्रीय मानव तस्करी रोकथाम दिवस के अवसर पर 30 जुलाई को मानव सेवा संस्थान सेवा के तत्वावधान में बरुण मिश्रा के नेतृत्व में मानव तस्करी के विरुद्ध जनजागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली को एसएसबी कैम्प ठूठीबारी के सहायक कमांडेंट हेमंत कुमार एवं कोतवाली ठूठीबारी के उपनिरीक्षक बृजेश कुमार पांडेय ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली में शामिल बच्चों ने हाथों में मानव तस्करी के खिलाफ जागरूकता संदेश लिखी तख्तियां लेकर एवं विभिन्न स्लोगन और नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। रैली ठूठीबारी मार्केट के विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए लोगों को मानव तस्करी के दुष्परिणामों तथा इससे बचाव के प्रति सजग करती हुई आगे बढ़ी।
इस अवसर पर लोगों से अपील की गई कि मानव तस्करी जैसी गंभीर सामाजिक बुराई को रोकने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को जागरूक और सतर्क रहना चाहिए। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस एवं संबंधित अधिकारियों को सूचना देने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मानव तस्करी के प्रति आमजन में जागरूकता फैलाना तथा बच्चों और कमजोर वर्गों को तस्करी एवं शोषण से बचाने के लिए समाज को एकजुट करना रहा। मानव सेवा संस्थान के नेतृत्व में आयोजित इस जनजागरूकता रैली के माध्यम से मानव तस्करी के खिलाफ सामूहिक रूप से आवाज उठाने का संदेश दिया गया।