Indian Journalist Nepal Heritage Tour : भारत के 23 वरिष्ठ पत्रकार पहुंचे नेपाल, इतिहास के पन्नों से निकली चौंकाने वाली कहानियां

    30-Jul-2026   
Total Views |

बुटवल। भारत के विभिन्न राष्ट्रीय मीडिया संस्थानों से जुड़े 23 वरिष्ठ पत्रकारों के प्रतिनिधिमंडल ने नेपाल के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक धरोहर स्थलों का भ्रमण कर दोनों देशों के साझा इतिहास और पर्यटन संभावनाओं को करीब से जाना। इस दौरे का उद्देश्य भारत-नेपाल के बीच सांस्कृतिक एवं पर्यटन सहयोग को और मजबूत बनाना रहा।

प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व ज़ी न्यूज़ के वरिष्ठ संवाददाता एवं महराजगंज प्रेस क्लब (उत्तर प्रदेश) के अध्यक्ष अमित त्रिपाठी ने किया। दल में आज तक के अमितेश त्रिपाठी, हिन्दुस्तान के आलोक जोशी, डीडी न्यूज़ के राहुल त्रिपाठी, दैनिक भास्कर के सुदेश त्रिपाठी और रोहित कनौजिया , इंडिया न्यूज़ के अजय जायसवाल, अमर उजाला के दिनेश जायसवाल, एबीपी न्यूज़ के अमितेश गुप्ता ईटीवी भारत के अनुज शुक्ला और सी न्यूज़ के अंगद शर्मा सहित 23 पत्रकार शामिल रहे।

यह अध्ययन भ्रमण नेपाल एसोसिएशन ऑफ टूर एंड ट्रैवल एजेंट्स (NATTA) लुम्बिनी के सहयोग से आयोजित किया गया। लुम्बिनी प्रेस क्लब के अध्यक्ष कमल रायमाझी ने बताया कि भारतीय पत्रकारों को नेपाल के ऐतिहासिक धरोहर स्थलों और हिल स्टेशनों का भ्रमण कराया गया, ताकि वे नेपाल की पर्यटन संभावनाओं और ऐतिहासिक विरासत से परिचित हो सकें।

NATTA लुम्बिनी के अध्यक्ष चन्द्रबहादुर थापा ने बताया कि पत्रकारों को उन स्थानों का दौरा कराया गया, जहां नेपाल ने अंग्रेजी सेना के खिलाफ ऐतिहासिक विजय हासिल की थी। पाल्पा के नुवाकोट गढ़ी और मणिमुकुन्दसेन पार्क में पर्यटन व्यवसायी एवं इतिहासकार माधव नेपाल ने कर्नल उजिर सिंह थापा की वीरगाथा सुनाई। सीमित संसाधनों के बावजूद नेपाली सेना द्वारा शक्तिशाली अंग्रेजी सेना को पराजित करने की कहानी सुनकर भारतीय पत्रकार प्रभावित हुए।


हिन्दुस्तान के वरिष्ठ संवाददाता आलोक जोशी ने कहा कि यह इतिहास प्रेरणादायक है और इसे अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाना चाहिए। वहीं इंडिया न्यूज़ के अजय जायसवाल ने नेपाल के प्राकृतिक वातावरण और पर्यटन स्थलों की सराहना करते हुए कहा कि सीमावर्ती भारतीय क्षेत्रों की तुलना में पाल्पा का मौसम और प्राकृतिक सौंदर्य बेहद आकर्षक है।

बुटवल स्थित जीतगढ़ी किले में बुटवल उपमहानगरपालिका के मेयर खेलराज पाण्डेय ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया और किले के ऐतिहासिक महत्व की जानकारी दी। यहां पत्रकारों ने ग्रेटर नेपाल का नक्शा, युद्ध से जुड़े चित्र, शहीद पार्क और कर्नल उजिर सिंह थापा के शौर्य से जुड़े प्रसंगों को देखा और जाना।

इतिहास के अनुसार, वि.सं. 1872 (1816 ई.) में अंग्रेजी सेना ने बुटवल पर हमला किया था, लेकिन कर्नल उजिर सिंह थापा के नेतृत्व में नेपाली सेना ने उन्हें पराजित कर ऐतिहासिक विजय प्राप्त की। जीतगढ़ी किला आज भी नेपाल की वीरता और राष्ट्रीय स्वाभिमान का प्रतीक माना जाता है।

आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने पर मंथन
बुटवल में आयोजित नेपाल-भारत पर्यटन पत्रकार संवाद कार्यक्रम में दोनों देशों के पत्रकारों, जनप्रतिनिधियों और पर्यटन व्यवसायियों ने भारत से आने वाले पर्यटकों के लिए विशेष आध्यात्मिक पर्यटन पैकेज तैयार करने पर बल दिया।

बुटवल के मेयर खेलराज पाण्डेय ने कहा कि प्रयागराज की तर्ज पर लुम्बिनी, मुक्तिनाथ, कालिगंडकी, रानीमहल, स्वर्गद्वारी, सिद्धबाबा, रेसुंगा और सुपा देउराली जैसे धार्मिक स्थलों को जोड़कर विशेष पर्यटन पैकेज तैयार किए जाने चाहिए।

रूपन्देही के पुलिस प्रमुख जनक शाही ने भारतीय पर्यटकों को नेपाल में सुरक्षित और निश्चिंत होकर यात्रा करने का भरोसा दिलाया।
होटल हयात के संचालक समिति के अध्यक्ष चुन्नू प्रसाद पौडेल ने कहा कि लुम्बिनी क्षेत्र में भारतीय पर्यटकों के लिए उच्च स्तरीय होटल और पर्यटन सुविधाएं उपलब्ध हैं तथा विशेष सेवाएं भी प्रदान की जा रही हैं।

महराजगंज प्रेस क्लब के अध्यक्ष अमित त्रिपाठी ने कहा कि भारत में नेपाल के आध्यात्मिक और ऐतिहासिक पर्यटन स्थलों के प्रचार-प्रसार को प्राथमिकता दी जाएगी, जिससे दोनों देशों के बीच पर्यटन और सांस्कृतिक संबंध और अधिक मजबूत हो सकें।

कार्यक्रम में होटल एवं रेस्टोरेंट व्यवसायी संघ, पर्यटन परिषद लुम्बिनी, NATTA लुम्बिनी, लुम्बिनी प्रेस क्लब और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े अनेक पदाधिकारी एवं पत्रकार उपस्थित रहे। सभी ने भारत-नेपाल के बीच पर्यटन और सांस्कृतिक सहयोग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने पर सहमति जताई।


इबरार अहमद

अबरार अहमद (Ibrar Ahmad) 'आपन महराजगंज' में जिला प्रभारी (District Incharge) के रूप में कार्यरत हैं। यह जिले के समाचार कवरेज, रिपोर्टिंग टीम के मार्गदर्शन और प्रमुख क्षेत्रीय मुद्दों को उठाने का कार्य करते हैं।