महराजगंज। महराजगंज पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए SIM Box तकनीक के जरिए संचालित अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। संयुक्त अभियान के दौरान पुलिस ने बिहार निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो इंटरनेट आधारित कॉलिंग सिस्टम का इस्तेमाल कर विदेशी कॉलों को स्थानीय मोबाइल कॉल में बदलकर साइबर अपराधों को अंजाम देता था।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में चलाए जा रहे 'साइबर फ्रॉड/हॉटस्पॉट अभियान' के तहत साइबर थाना, एसओजी और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मो. नबीश (28 वर्ष) निवासी इस्लामपुर, थाना जयनगर, जिला मधुबनी (बिहार) को गिरफ्तार किया।
कैसे करता था ठगी?
पुलिस के अनुसार आरोपी फर्जी और दूसरे लोगों के दस्तावेजों पर जारी सिम कार्डों का इस्तेमाल कर 32 स्लॉट वाले SIM Box के जरिए इंटरनेट (VoIP) से आने वाली अंतरराष्ट्रीय कॉलों को स्थानीय मोबाइल कॉल में बदल देता था। इससे कॉल की वास्तविक पहचान छिप जाती थी और इसी माध्यम से फर्जी कॉल, OTP फ्रॉड, साइबर ठगी समेत कई अपराधों को अंजाम दिया जाता था। इससे दूरसंचार कंपनियों को भी राजस्व का नुकसान होता था।
कई धाराओं में मुकदमा दर्ज आरोपी के खिलाफ साइबर क्राइम थाना महराजगंज में भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय दूरसंचार अधिनियम-2023 और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम को ₹25,000 का पुरस्कार इस महत्वपूर्ण सफलता पर पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने अभियान में शामिल पुलिस टीम को ₹25,000 के नकद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।
लोगों से सतर्क रहने की अपील महराजगंज पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध कॉल, फर्जी लिंक, OTP मांगने वाले व्यक्ति या ऑनलाइन ठगी की आशंका होने पर तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन या निकटतम पुलिस/साइबर थाने से संपर्क करें।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।